सैदनगर (रामपुर)। हरियाणा में मजदूरी करने गए किशोर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव शुक्रवार को गांव के बाहर पड़ा हुआ मिला। परिजनों ने किशोर की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ होगी। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के खंडिया गांव निवासी राम सिंह का पुत्र शिवम (15) वर्ष हरियाणा के जिला रेवाड़ी के महेंद्रगढ़ स्थित एक क्रशर पर मजदूरी करता था। किशोर एक महीना पूर्व स्थानीय ठेकेदारों के साथ काम पर गया था। बृहस्पतिवार की देर रात करीब 11 बजे किशोर का शव हरेटा नहर के पास पड़ा लोगों ने देखा । किशोर की शिनाख्त के बाद उसका शव पड़ा होने की सूचना उसके परिजनों को दी गई। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों के साथ तमाम ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। शव मिलने की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किशोर को अपने साथ ले जाने वाले ठेकेदारों से संपर्क किया लेकिन उनके नंबर बंद होने के कारण बात नहीं हो सकी। उसके परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। थानाध्यक्ष राहुल गंगवार के समझाने के बाद परिजन मृतक के शव को घर ले गए। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। किशोर जब रेवाड़ी गया था तो उसका शव गांव के बाहर पड़ा हुआ कैसे मिला।