स्वार। क्षेत्र के गूलड़ पीपलसाना निवासी टेलरिंग कारोबारी को जयपुर में तेज वाहन ने सामने से टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल को कारोबारी को एंबुलेंस से अस्पताल जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली स्वार क्षेत्र अंतर्गत गूलड़ पीपलसाना गांव निवासी जमील अहमद के तीन बेटे जलीस अहमद, रियाज और खलील जयपुर शहर में टेलरिंग का काम करते हैं। परिजनों के मुताबिक शनिवार की रात लगभग दस बजे जलीस अहमद स्कूटी से बाजार गए थे। खरीदारी करने के बाद वह वापस लौट रहे थे कि पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही सामने से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मारकर जलीस अहमद को बीच मार्ग पर गिरा दिया। दुर्घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। किसी के द्वारा दी गई सूचना पर एंबुलेंस आ गई जिससे घायल को तत्काल ही अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक द्वारा उपचार किया जाता इससे पहले ही जलीस को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर जलीस के दोनों भाई रियाज और खलील भी अस्पताल पहुंच गए। बताते हैं कि बिना कोई कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराए पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया। बताया जाता है कि जयपुर में साथ रह रहे दोनों भाई शव लेकर गूलड़ पीपलसाना स्थित घर के लिए चल पड़े हैं। बताते हैं कि लगभग एक वर्ष पहले ही जलीस अहमद की शादी हुई थी।