रामपुर। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गन्ना विभाग से जुड़े अधिकारियों और विभिन्न चीनी मिलों के प्रबंधकों के साथ गन्ना समिति की बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने जनपद में किसानों द्वारा बोए जाने वाले गन्ने का रकबा एवं चीनी मिलों द्वारा गन्ना खरीद के साथ-साथ गन्ना मूल्य भुगतान सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सभी चीनी मिल प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान में बिल्कुल लापरवाही न बरतें। उन्होंने चीनी मिलों द्वारा खरीदे गए कुल गन्ने की मात्रा एवं बिक्री की गई चीनी तथा स्टॉक चीनी की मात्रा के साथ-साथ चीनी मिल के आय के स्रोतों के बारे में मिल प्रबंधकों से बातचीत की। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी हेमराज सहित जनपद की विभिन्न चीनी मिलों के प्रबंधक व गन्ना समिति के सदस्य गण मौजूद रहे।