रामपुर। जिले में अब यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की तैयारी की जा रही है। ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और रांग साइड चलने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। इसके साथ ही हादसों की वजह बनने वाले हाईवे के अवैध कटों को भी बंद कराया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन ने अब सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।
यातायात नियमों का पालन कराने समेत अन्य महत्वपूर्ण फैसले सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं विद्यालय यान परिवहन समिति की मासिक समीक्षा बैठक में लिए गए। बैठक के दौरान डीएम जोगिंदर सिंह ने जिले के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर विभिन्न स्थानों पर अनाधिकृत रूप से रेलिंग काटकर बनाए गए कट को बंद कराने के लिए परियोजना निदेशक को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध कट की वजह से दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए इन कटों को 10 दिवस के भीतर बंद कराया जाए। उन्होंने कहा कि आंबेडकर पार्क से रोडवेज बस अड्डा तक अनाधिकृत रूप से खड़े होने वाले वाहनों के कारण जाम की समस्या आमजन मानस को उठानी पड़ रही है। आमजन की इस असुविधा को देखते हुए अवैध परिवहन करने वाले इन वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए डीएम ने एआरटीओ व ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए।
स्कूली वाहनों की चेकिंग हो तेज, बंद हों अवैध वाहन
डीएम ने कहा कि मानकों के विपरीत प्राइवेट वाहनों से बच्चों को विद्यालय ले जाने पर प्रतिबंध लगाया जाए, साथ ही स्कूल बस या स्कूल वैन में निश्चित संख्या से अधिक बच्चों को बैठाने के मामले में भी पूरी गंभीरता बरतते हुए एआरटीओ, डीआईओएस के साथ संबंधित विद्यालय के प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई करें। कहा कि स्कूल बसों में लगे कैमरे सक्रिय होने चाहिए। विद्यालय यान के संबंध में निर्धारित मानकों का उल्लंघन होने की दशा में स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की जाए, इसमें किसी भी स्तर से लापरवाही न बरती जाए। बैठक में डीएम ने मोटर व्हीकल एक्ट का सख्ती से अनुपालन के आदेश दिए हैं। कहा कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले और बिना सीट बेल्ट का प्रयोग किए चार पहिया वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ चालान प्रक्रिया तेज की जाए। सड़क पर रांग साइड वाहन चलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाने के लिए डीएम ने निर्देश दिए हैं।