रामपुर। ग्रामीणों की पहल पर धमोरा ग्राम पंचायत ने प्रदेश का पहला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तैयार किया गया है। 10 फीसदी सरकारी रकम के साथ 43 ग्रामीणों ने निजी खर्च से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तैयार कराया है। इसका काम अंतिम चरण में है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह प्रदेश का पहला ऐसा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स है, जो किसी ग्राम पंचायत में तैयार किया गया है। जल्द ही इसका उद्घाटन करने की तैयारी हो रही है।जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी. दूर धमोरा गांव में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तैयार कर मिसाल कायम की जा रही है। जिले के मिलक ब्लाॅक की धमोरा ग्राम पंचायत बड़ी ग्राम पंचायत मानी जाती है। करीब 5200 की आबादी वाली ग्राम पंचायत धमोरा में चार हजार वोटर भी हैं। ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों की मदद से ग्राम समाज की जमीन पर शहर की तर्ज पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तैयार किया है। इसमें 43 दुकानें का निर्माण कराया गया है।
प्रगति कॉम्प्लेक्स के नाम से तैयार शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण में 1.60 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। अब तक करीब 85 फीसदी काम पूरा हो चुका है। जल्द ही यह लोगों के लिए खुल जाएगा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण में ग्राम पंचायत निधि से महज 10 फीसदी की धनराशि खर्च की गई है। शेष धनराशि उन 43 लोगों ने लगाई है जिन्हें शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानें आवंटित की जाएंगी। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण का सीडीओ समेत कई अफसर निरीक्षण कर चुके हैं। अधिकारियों ने कहा कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनने से 43 लोगों को रोजगार मिलेगा।
ग्राम पंचायत के खाते में जाएगा किराया
ग्राम प्रधान गौतम गुप्ता का कहना है कि धमोरा में आम सहयोग से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तैयार किया गया है। इससे ग्राम पंचायत की आय बढ़ेगी। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानें आवंटित करते समय ग्राम पंचायत की ओर शर्तें रखी गई हैं। इसी शर्त के अनुसार ही दुकानों का किराया निर्धारित किया गया है। इससे 43 लोगों को रोजगार भी मिल सकेगा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानों का किराया पांच सौ रुपये प्रति माह निर्धारित किया गया है। यह धनराशि सीधे ग्राम पंचायत के खाते में जाएगी। इससे ग्राम पंचायत की आय भी बढ़ेगी। इस पैसे को गांव के विकास पर खर्च किया जाएगा।
-
धमोरा ग्राम पंचायत की ओर से तैयार किया गया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स प्रदेश का पहला ऐसा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स होगा जो किसी ग्राम पंचायत के माध्यम से संचालित होगा। इससे लोगों को रोजगार मिलने के साथ ही ग्राम पंचायत की आमदनी भी होगी। इसमें 10 फीसदी की राशि ग्राम निधि की लगी हुई है। जल्द ही लोगों को इसका लाभ मिलेगा। - नंदकिशोर कलाल, सीडीओ, रामपुर।