रामपुर। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की टीम ने शनिवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वार के लघु उद्योग आस्थान पहुंच कर उद्योग बंधुओं की समस्याओं का निस्तारण किया। भूखंडों की पैमाइश कर आवंटियों को कब्जा दिलाया गया और उद्योग की स्थापना के लिए ऋण लेने की औपचारिकताओं के बारे में भी जानकारी दी गई। सहायक आयुक्त उद्योग निहारिका जैन के नेतृत्व में उद्योग केंद्र की टीम स्वार आई। मोहम्मद अदनान ने आवंटित भूखंड की पैमाइश और कब्जा दिलाने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा था। महज कुछ घंटों में ही टीम ने लघु उद्योग आस्थान पहुंचकर समस्या का समाधान कर भूखंड का सीमांकन कर दिया। टीम ने आस्थान परिसर की चहारदीवारी के निर्माण में आ रही अड़चन को भी दूर करा दिया। इसके अलावा एक आवेदक का भूखंड का बैनामा शीघ्र कराने का आश्वासन दिया गया। उद्यमी सरफराज अहमद सैफी ने परिसर में प्रकाश व्यवस्था के लिए बिजली के पोल लगवाने की बात रखी। टीम ने उद्यम लगाने के लिए ऋण लेने में आ रही अड़चनों को दूर करने का आश्वासन भी दिया। कहा कि सरकारी बैंक ऋण देने से मना नहीं कर सकते। इस दौरान सहायक प्रबंधक प्रबंधक पुष्पराज सिंह, औद्योगिक पर्यवेक्षक मुहर पाल सिंह औद्योगिक और निर्माण एजेंसी के अवर अभियंता धर्मात्मा वर्मा मौजूद रहे।