स्वार। नगर पंचायत नरपतनगर में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। दर्जनों लोग बुखार की चपेट में हैं जिसे लेकर स्वास्थ्य विभाग और नागरिकों में अलग-अलग बातें कहीं जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराई गईं जांचों में अभी तक छह पीड़ितों में डेंगू की पुष्टि हुई है जबकि पीड़ितों के परिजन डेंगू पीड़ितों की संख्या 24 के पार बता रहे हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नरपतनगर में शिविर लगाकर45 बुखार पीड़ितों के रक्त के नमूने लिए थे जिसकी रिपोर्ट आई तो इसमें छह पीड़ितों में डेंगू के लक्षण पाए गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजीम अहमद ने बताया कि शनिवार को लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट अभी आना बाकी है। डॉक्टर ने बताया कि जिन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है उनमें रहबर अली, कल्लो बेगम, मोहम्मद शफी उद्दीन, शहजाद अली, आरिफ अली और आयान अली शामिल हैं।
इस बीच नागरिकों का कहना है कि लोगों का इलाज उत्तराखंड के बाजपुर और काशीपुर के अलावा टीएमयू में चल रहा है। वहां कराई गई जांचों में कई पीड़ितों में डेंगू पाया गया है। हाजी इसरार के परिवार में चार लोग बुखार से पीड़ित हैं जिसमें राजिया, जुबैर, अब्दुल्ला और बुशरा शामिल हैं। इनके अलावा शाहिद, यूनुस, नाजिम, दिलशाद, अफजाल, अरमान, जुल्फिकार, मसरुर अहमद और बुंदू खां के परिवार में भी बुखार से पीड़ित हैं। मालूम हो कि बीते चार दिन में नरपतनगर में एक महिला समेत पांच लोगों की बुखार से मौतें हो चुकी हैं। लोगों का यही कहना है कि उनकी मौतें डेंगू से हुई हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने मौतों का कारण डेंगू नहीं माना है।