उर्वरक की ओवररेटिंग में दुकान का लाइसेंस निलंबित
रबी की फसल बुवाई में निजी दुकानों पर बिक रहा महंगा उर्वरक
रामपुर। रबी की फसल बुवाई के सीजन में निजी दुकानों पर उर्वरक महंगे दामों में बेचे जा रहे हैं। इसकी शिकायत पर मंगलवार को कृषि विभाग की टीम ने छापा मारा। जिसमें एक दुकान को ओवररेटिंग में निलंबित कर दिया। जांच के दौरान बंद मिलीं नौ दुकानों को नोटिस दिए गए। विभिन्न खाद व बीज की दुकानों से 35 नमूने संग्रहित कर जांच को प्रयोगशाला भेजे गए।
जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल ने बताया कि राजधानी कृषि एग्रीकल्चर ग्राम स्वार खुर्द, तहसील मिलक पर किसानों के लिए बांटी जा रही उर्वरक पर अधिक दाम वसूले जा रहे थे। इस पर कार्रवाई करते हुए दुकान का कीटनाशी विक्रय प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया गया। जांच के दौरान केजीएस फर्टीलाइजर्स सरावा, यादव बीज भंडार सरावा, अली एग्रीकल्चर बंजरिया, रेहान एग्रो एजेंसी सैदनगर, ख्वाजा एग्री जंक्शन सुआनगला, मोहम्मद फैजान एग्रीकल्चर खुशहालपुर, अमन कृषि सेवा केंद्र खुशहालपुर, शर्मा एग्री जंक्शन टांडा बादली, आईएफएफडीसी माटखेडा आदि दुकानें बंद पाई गईं। इनके स्वामी कार्रवाई होने के डर से पहने ही दुकानों पर ताला डालकर चले गए। इन दुकान स्वामियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।