पति मामून के साथ तहसील पहुंचीं सना खानम
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस की लंबे समय तक सेवा करने वाले मामून शाह ने रविवार को पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया। मामून ने शनिवार की रात सना खानम के साथ शादी रचाई। रविवार को उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने का एलान कर दिया। आप ने मामून की पत्नी सना खानम को रामपुर नगर पालिका परिषद के आप का प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके बाद सना अपने पति मामून के साथ तहसील पहुंचीं और उन्होंने पालिकाध्यक्ष के पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया।
मामून शाह पिछले कई सालों से पालिकाध्यक्ष का चुनाव लड़ने का सपना संजोए हुए थे। कांग्रेस में नगर अध्यक्ष रह चुके मामून के सपने को इस वक्त धक्का जब रामपुर नगरपालिका की सीट महिला के लिए आरक्षित हो गई। मामून शाह की अभी तक शादी नहीं हुई थी। महिला के सीट आरक्षित होने की स्थिति में वो चुनाव नहीं लड़ सकते थे। ऐसे में उन्होंने बीच का रास्ता निकाला है ब्याह रचाने का। मामून शाह शनिवार की रात सना खानम के साथ विवाह के बंधन में बंध गए। रविवार को दोपहर के वक्त उन्होंने अपनी नई नवेली दुल्हन के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल होने का एलान कर दिया। इसके बाद आप के प्रदेश प्रवक्ता फैसल खां लाला ने सना खानम को रामपुर नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए सना खानम को पार्टी का प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके बाद अपने पति मामून शाह के साथ तहसील पहुंचकर सना ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।