रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में जौहर अली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। भीड़ देखकर अस्पताल संचालक और कर्मचारी अस्पताल भाग गया। सूचना के बाद पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। अभी इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चादरवाला बाग निवासी राहुल दिवाकर की पत्नी मंजू (24) के पित्त में पथरी थी। वह पत्नी को लेकर पांच जनवरी को जौहर रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के चिकित्सक ने जांच के बाद पथरी का ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। चिकित्सक ने महिला को बरेली रेफर कर दिया। परिजन उसे बरेली लेकर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन, इलाज के दौरान रविवार की सुबह महिला की मौत हो गई। परिजन महिला का शव रामपुर ले आए और अस्पताल में रखकर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साई भीड़ ने अस्पताल में तोड़फोड़ की भी कोशिश की। भीड़ का गुस्सा देखकर संचालक और कर्मचारी फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने सारी बात सुनने के बाद लोगों को शांत किया। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। मृतका के पति का आरोप है कि चिकित्सक ने उसकी पत्नी का गलत ऑपरेशन कर दिया। हालत बिगड़ने पर उसे बरेली रेफर कर दिया। बरेली और यहां चिकित्सक की आपस में सांठगांठ है। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग को भी सूचना दे दी है। अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
-