रामपुर। रोडवेज बसों में टिकट मशीन से सही किराया नहीं निकल रहा है। दिल्ली से किराए में दो रुपये कम का टिकट मशीन से निकल रहा है। इसको लेकर अक्सर परिचालकों का यात्रियों से विवाद हो रहा है। मौजूदा समय में टिकट पर अंकित किराए से दिल्ली जाने वाले यात्रियों से तीन, तो बरेली और मुरादाबाद जाने वाले यात्रियों से एक रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे हैं। परिचालकों का तर्क है कि ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन) अपडेट न होने से बढ़े हुए किराए के टिकट नहीं निकल रहे हैं। यह स्थिति प्रत्येक डिपो की बस में है। वहीं, टिकट कम का और किराया अधिक मांगे जाने से बसों में यात्रियों और परिचालकों के बीच विवाद हो रहा है। कुछ यात्री तो परिचालक की जानकारी से संतुष्ट होकर अतिरिक्त किराया दे रहे हैं, लेकिन कई यात्री ऐसे हैं, जो अतिरिक्त किराया नहीं दे रहे हैं।