रामपुर। दढ़ियाल नगर पंचायत निवासी व्यक्ति ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य जुल्फेकार समेत उसके भाइयों के विरुद्ध फिरौती मांगने, मारपीट करने और फिरौती न देने पर अगवा करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज की है। दढ़ियाल निवासी कबीर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा कि उसका मुर्गी बेचने का कारोबार है। ग्राम निवासी जुल्फेकार, इस्तेकार, इकरार और सालिम चारों लोग जेल से छूटने के बाद उसके दुकान पर आए और उससे पचास हजार रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने 50 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी हर माह 15 हजार रुपये देने की बात कहकर चले गए।
25 फरवरी को वो और उसके मामू का बेटा अशफाक मैरिज हॉल पर खड़े तो चारों ने जान से मारने की नीयत से उन्हें पकड़ा और 15 हजार रुपये न देने पर उठा कर अपने घर ले गए और 24 घंटे तक बंधक बनाए रखा। हर माह 15 हजार रुपये देने की बात पर उसे छोड़ा। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।