रामपुर। छत्तीसगढ़ में आयोजित अंडर-14 राज डूंगरपुर ट्रॉफी में रामपुर के आरुष गुप्ता ने अपनी चमक बिखेरी है। उन्होंने प्रतियोगिता में यूपी की टीम की ओर से बल्ले से रन बनाते हुए गेंदबाजी में कमाल दिखाया है। उन्होंने प्रतियोगिता में 195 रन व गेंदबाजी में 14 विकेट अपने नाम किए हैं।
दाएं हाथ के बल्लेबाज व दाएं हाथ के ऑफ बे्रक स्पीनर आरूष ने बीसीसीआई की प्रतिष्ठित अंडर-14 ट्रॉफी राज सिंह डूंगरपुर में शानदार प्रदर्शन किया है। राजद्वारा निवासी आरूष दयावती मोदी एकेडमी के छात्र हैं। फाइनल में हालांकि यूपी को हार का सामना करना पड़ा। लेकिन फाइनल में आरूष ने 4 विकेट झटके हैं। विदर्भ और यूपी के बीच फाइनल मैच खेला गया। जिसमें विदर्भ ने 80 ओवर में 157 रन बनाए। यूपी की ओर से सफल गेंदबाज आरुष गुप्ता ने 11 ओवर 3 मैडन के साथ 27 रन देकर 4 विकेट लिए । यूपी अपनी पहली पारी में 200 रन ही बना सकी। जिसमें आरुष गुप्ता ने 25 रन बनाए। दूसरी पारी में विदर्भ की टीम 117 रन पर आउट हो गई ,स्कोर का पीछा करती हुई यूपी की पूरी टीम 71 रन ही बना सकी। क्रिकेट कोच आलम खान ने बताया कि आरुष गुप्ता ने उत्तर प्रदेश अंडर -14 क्रिकेट टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। आरुष गुप्ता ने चार मैच में 195 रन और 14 विकेट लिए हैं। इस प्रदर्शन पर रामपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव बसंत सिंह बघेल, अध्यक्ष इरफान हुसैन, क्रिकेट कोच आलम खान बधाई दी है।