सैदनगर ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज अध्यापक पर स्कूल यूनिफॉर्म दिलाने के बहाने कक्षा चार की छात्रा से छेड़खानी करने का आरोप लगा है। शिकायत पर गुस्साए परिजनों ने अध्यापक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल किया गया है। छात्रा के पिता ने अध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कक्षा चार की एक छात्रा शनिवार को स्कूल में पढ़ने के लिए आई थी। आरोप है कि यूनिफॉर्म दिलाने के बहाने इंचार्ज प्रधानाध्यापक छात्रा को बाइक से टांडा ले जा रहा थे। इसी दौरान इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने छात्रा के साथ छेड़खानी की। छात्रा ने छुट्टी होने के बाद घर आकर सारी बात परिजनों को बताई। सोमवार को स्कूल खुलने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक स्कूल पहुंचे तो परिजन उग्र होकर आ गए और प्रधानाध्यापक की पिटाई कर दी। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। इसके बाद पुलिस और विभागीय अफसर हरकत में आ गए। परिजनों ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी पाकर बीएसए संजीव कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की जांच करने के बाद इंचार्ज प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही छात्रा के पिता की ओर से मामले की तहरीर टांडा थाने को दी है। पुलिस शिक्षक से पूछताछ कर रही है। छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश टांडा पुलिस को जारी किए गए हैं। आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।- राजेश द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक