रामपुर में खेत पर काम करने गया किसान गंभीर रूप से घायल स्थिति में मिला। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना रविवार शाम मिलक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किरा का मझरा पस्तोर की है। गांव निवासी पान सिंह (32) अपने खेत में गेहूं की बुवाई करने गए थे। देर शाम तक जब वो घर नहीं लौटे तो परिजन खेत पर पहुंच गए। वहां पर पान सिंह गंभीर स्थिति में मिले। उनके गले पर धारदार हथियार के निशान मिले। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल पान सिंह को एंबुलेंस से अस्पताल लेजा रहे थे तभी रास्ते में ही पान सिंह की मौत हो गई।
मृतक के भाई छत्रपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गांव निवासी चार लोगों ने धारदार हथियार से पान सिंह की खेत पर हत्याकर दी। वहीं कोतवाली प्रभारी राजेश बैंसला ने बताया कि उक्त घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है परिजनों की तहरीर पर गांव निवासी वीरेंद्र सिंह, नेपाल सिंह,अभिषेक और अरविंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।