मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार यानी आज रामपुर के दौरे पर रहेंगे। रामपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर वो अजीतपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। पुलिस-प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। जनसभा स्थल पर पुलिस कर्मियों को एसपी ने उनकी ड्यूटी के संबंध में निर्देश दिए।
रामपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को भाजपा ने प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। उपचुनाव का एलान होने के बाद से यहां पर मंत्रियों की फौज उतार दी गई है। आए दिन यहां कोई न कोई मंत्री रहता जरूर है। प्रदेश के दो डिप्टी सीएम चुनाव प्रचार के लिए रामपुर आ चुके हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह तो दो बार रामपुर आ चुके हैं। इसके अलावा वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने तो रामपुर में ही डेरा डाल रखा है।
कैबिनेट मंत्री जितेंद्र प्रसाद भी दो बार रामपुर आ चुके हैं। चुनाव प्रचार जब अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसको और धार देने के लिए आ रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे वो अजीतपुर में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।