रामपुर। बिलासपुर क्षेत्र में बुधवार की देर शाम बरसात शुरू होने के साथ बिजली आपूर्ति बाधित होने का सिलसिला भी शुरू हो गया। घंटों इंतजार करने के बाद लोगों को चंद समय के लिए बिजली मिल पाई। कई जगहों पर पेड़ की टहनियां आपूर्ति में बाधक बनी हुई हैं। उधर, बिजली के नदारद रहने से जहां पेयजल के लिए लोग परेशान रहे। वहीं इन्वर्टर तक के जवाब देने से लोगों को मोबाइल चार्ज करने में भी दिक्कत हो रही है।पिछले दो दिनों से लगातार रुक-रुककर हो रही तेज बारिश से नगर समेत पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई स्थानों पर बिजली के खंभे भी धराशाई हो गए हैं। बारिश के कारण लोकल फाल्टों में इजाफा हो गया। ट्रांसफार्मर खराब होने, खंभे में करंट आने और लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं परेशान है। इधर, एबीसी केबल से आपूर्ति शुरू होने के बाद विभाग द्वारा लोकल फाल्टों पर नियंत्रण के दावे भी खुल गए। शहर से लेकर गांव तक लोकल फाल्ट के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित है। जिससे बिजली रहने का लाभ नहीं मिल पाया। एसडीओ प्रदीप प्रसाद गुप्ता ने बताया कि दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगहों से शिकायत मिलीं, जिसके कारण आपूर्ति बंद कर दी गई थी। लाइनों में आए फाल्टों को सही कर अधिकांश स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।