शाहबाद(रामपुर)। उमस भरी गर्मी के बीच हुई झमाझम बारिश से गर्मी से राहत तो मिल गई। वहीं क़स्बे के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। जलभराव होने से लोगों का निकलना दुश्वार हो गया। वहीं शुक्रवार को भी बारिश के आसार हैं। बृहस्पतिवार दोपहर को झमाझम बारिश से नगरवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत तो मिली। लेकिन मूसलाधार बारिश होने के कारण क़स्बे के कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। बारिश से क़स्बे के मोहल्ला नालापर, सादात, कस्साबान की सहित नई बस्ती में सड़के भी जलमग्न हो गई थी। जिससे लोगों को कुछ देर गर्मी से राहत मिली लेकिन, बारिश रुकने के बाद उमस से परेशानी बढ़ गई। वहीं, मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिन तक तेज हवाओं व गरज के साथ बारिश होगी। जिससे तापमान में गिरावट भी आएगी। शुक्रवार 18 जून से आंधी और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। जिससे तापमान में 2 से 4 फ़ीसदी तक की गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने 23 से 26 जून तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।