रामपुर। बारिश के बाद जर्जर सड़कों पर जलभराव से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा चल रहे सड़कों के निर्माण कार्य में अब बारिश बाधा बन रही है। आचार संहिता के चलते पहले करीब ढाई महीने तक काम नहीं हो सका था। इसके चलते तमाम रास्ते बदहाल पड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि अब बारिश के बाद सड़कें दुरुस्त कराई जाएंगी।
आचार संहिता खत्म होने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़कों निर्माण व मरम्मत का काम शुरू कर दिया था। विभाग द्वारा करीब 50 करोड़ की लागत से 200 सड़कों का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसमें अभी करीब 25 सड़कों का निर्माण कार्य अधूरा है। ऐसे में अब बारिश के चलते इन सड़कों का काम नहीं हो पा रहा है। इन जर्जर सड़क के निर्माण कार्य स्वार, मिलक, शाहबाद, रामपुर, बिलासपुर समेत कई क्षेत्रों में होने हैं।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अभी निर्माण कार्य कराया जाना काफी मुश्किल है। इन सड़कों का निर्माण अब बारिश के बाद कराया जाएगा। वहीं नगर पालिका की बोर्ड बैठक में प्रस्तावित सड़कों और नालों के निर्माण का कार्य भी रोक दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित 352 सड़कों का कार्य बारिश के बाद कराया जाएगा। शहर के 43 वार्डों में इंटरलॉकिंग का काम भी प्रभावित होगा।
-
इन सड़कों का निर्माण रुका
बिलासपुर में कन पिपरिया तक का निर्माण कार्य, मिलक में चंद्रकला रोड तक का निर्माण कार्य, मुरादाबाद-टांडा-दढ़ियाल रोड का निर्माण कार्य, बिलासपुर-रायजादा मार्ग पर निर्माण कार्य, सुल्तानपुर से बिजारखाता तक सड़क का कार्य, टांडा मरघटी गांव में निर्माण कार्य, पिपलिया महतो रोड का निर्माण कार्य, बिलासपुर में एप्रोच रोड तक का निर्माण कार्य, सैफनी-चंदरपुर कलां मार्ग पर नाली एवं सीसी का निर्माण कार्य, पंजाब नगर जौलपुर मार्ग से गोहनपुर तक संपर्क मार्ग सहित अन्य सड़कें शामिल हैं।
-
नैनीताल रोड पर गड्ढे ही गड्ढे
शहर में भी कई सड़कों में गड्ढों की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। मानसून आ चुका है और सड़कों पर गड्ढे भरान का काम नहीं हो सका। नैनीताल रोड, बरेली गेट, कांशीराम कॉलोनी समेत कई जगह सड़कों पर काफी गड्ढे हैं, जिन पर काम कराया जाना है।
-
सड़काें का निर्माण बारिश के बाद कराया जाएगा। इंटरलॉकिंग में पानी से कोई दिक्कत नहीं होती है, इसलिए वार्डों में इंटरलॉकिंग सड़क बिछाने का काम किया जा रहा है। - दुर्गेश्वर त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका, रामपुर।
-
हमारी 200 सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा था। करीब 25 सड़कें रह गई हैं। इनका काम बरसात के बाद पूरा करा दिया जाएगा। इसके अलावा नए कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार कराए जा रहे हैं। -केवी सिंह, अधिशासी अभियंता, लोनिवि, रामपुर।