रामपुर। दो दिन से रुक रुककर हो रही बारिश की वजह से सब्जियों की फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। लौकी, तोरई, करेला की बेल खेत में अधिक पानी होने के कारण खराब होने लगी हैं। अरबी की फसल तो पूरी तरह से चौपट हो गई, जबकि धनिया और मिर्च की फसल को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में अब किसान परेशान हैं। किसानों की माने तो बारिश हो ही नहीं रही थी और अब हुई तो इतनी अधिक की फसलें खराब होने लगीं। वहीं, हाल ही में रोपे गए धान की फसल डूबने से सड़ने की आशंका गहरा गई। हालांकि, कृषि वैैज्ञानिकों का तर्क है कि सब्जियों के अलावा धान एवं गन्ने की फसल के लिए बारिश फायदेमंद साबित होगी।