रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में केमरी रोड पर एक टेंपो ने साइकिल सवार रेलवे कर्मी को टक्कर मार दी। जिसके कारण वह घायल हो गए। घायल को अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है।
स्थानीय बिलासपुर रेलवे रोड की रेलवे कॉलोनी निवासी शिवकुमार पुत्र रामतेज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धावनी हसनपुर स्थित रेलवे गेट पर ट्रैकमैन के रूप में काम करते हैं। शिवकुमार शनिवार की शाम करीब छह बजे साइकिल से ड्यूटी कर अपने आवास पर आ रहे थे। इस दौरान बिलासपुर केमरी रोड स्थित रेलवे स्टेशन के सामने केमरी की ओर से आ रहे एक टेंपो चालक ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिसके कारण शिव कुमार साइकिल समेत रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक टेंपो समेत फरार हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने गंभीर घायल ट्रैकमैन को एंबुलेंस के जरिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। सूचना पाकर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर संतोष कुमार आदि भी अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान घायल ट्रैकमैन को देखकर दूसरे ट्रैकमैन राजेश सैनी की अचानक हालत खराब हो गई। चिकित्सकों ने उनका भी उपचार किया। इसके बाद वह ठीक हो सके चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रैकमैन शिवकुमार को गंभीर हालत में बरेली के लिए रेफर किया है। परिजनों ने बरेली ले गए हैं। घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।