शाहबाद। बुधवार को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महूनागर निवासी पप्पू की गर्भवती पत्नी ममता (27) की सीएचसी में मौत हो गई। मृत महिला के परिजनों ने हंगामा करते हुए स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। हालांकि स्टाफ और चिकित्सकों का कहना है कि महिला मृत अवस्था में आई थी।
पप्पू अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी ममता को लेकर सीएचसी शाहबाद लेकर पहुंचा था। पति का कहना है कि महिला चिकित्सक और स्टाफ ने गर्भवती को भर्ती कर लिया था। सीएचसी में गर्भवती की मौत हो गई। पति पप्पू का कहना है कि चिकित्सकों और स्टाफ की लापरवाही के कारण उसकी पत्नी की मौत हुई है। महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और पति ने सीएचसी में जमकर हंगामा किया। मृतक ममता ने अपने पीछे एक 14 वर्षीय पुत्र तथा तीन छोटी पुत्रियां छोड़ी है। खबर लिखे जाने तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई थी। महिला चिकित्सक अलका रानी ने बताया कि उसके पति द्वारा भर्ती कराया गया था। इलाज शुरू कर दिया गया था। लेकिन हालत में सुधार न होने पर ममता को रेफर कर दिया गया था। लगभग दो घंटे के बाद ममता को दोबारा उसका पति मृत हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद लेकर पहुंचा था। लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।