टांडा। प्रधानी के चुनावों से चल रही रंजिश में हारे एक भाई ने अपने प्रधान भाई पर फायर कर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें ग्राम प्रधान घायल हो गया। घायल अवस्था में ग्राम प्रधान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।जहां पर उसकी स्थिति अब सामान्य है। उधर, पीड़ित ग्राम प्रधान ने अपने भाई और भतीजे सहित चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम सूरत सिंहपुर उर्फ नया गांव के ग्राम प्रधान इश्तियाक अली ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी अपने भाई नबी हुसैन से चुनावी रंजिश चल रही है। उसने अपने हिस्से की भूमि में से 145 वर्गमीटर भूमि पंचायत घर को दे दी है। जिसमें पंचायत घर का निर्माण लगभग पूरा होने वाला है। 5 फरवरी की रात करीब नौ बजे वह अपने पुत्र साहिब के साथ निर्माणाधीन पंचायत घर में लग रहे गेट और उसके सामान को देखने पहुंचा। जैसे ही वो गेट के पास पहुंचा तो वहां पहले से छिपे बैठे उसके भाई नबी हुसैन तथा उसका पुत्र अजीम तथा दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर फायर कर दिया। गनीमत यह रही कि गोली उसके हाथ से छू कर निकल गयी और वह जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायर करने के बाद उसका भाई और उसका पुत्र अपने साथियों के साथ फरार हो गए। चीख पुकार सुनकर वहां पर भीड़ एकत्र हो गई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।