शाहबाद (रामपुर)। भैया दूज पर जा रहे दंपती के जेवर और रुपयों से भरा बैग गिर गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की। मात्र पंद्रह घंटे में पुलिस ने बैग ढूंढकर सौंपा है।
बदायूं के थाना फ़ैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी धर्मवीर फौजी हैं। वह अपनी पत्नी कन्यावती के संग बृहस्पतिवार को भैया दूज करने जनपद संभल के चंद्रोआ जा रहे थे। ससुराल जाते समय पत्नी के हाथ में से रुपयों और जेवरात से भरा हुआ बैग गिर गया। बाद में जब बैग नहीं देखा तब दंपती के पसीने छूट गए। कई घंटे तक लगातार बाइक सवार दंपती अपना बैग ढूंढते रहे लेकिन दंपती नाकामयाब होकर शाहबाद कोतवाली पहुंचे। शाहबाद कोतवाल अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम गठित कर बैग ढूंढने में लगा दिया। चौकी इंचार्ज सुभाष कुमार और कांस्टेबल कपिल कुमार समेत कई पुलिसकर्मियों ने 15 घंटे तक बैग को ढूंढा। शुक्रवार सुबह को बैग धर्मवीर और उनकी पत्नी को बुलाकर सौंप दिया। उन्होंने बताया कि दो तोले सोने के जेवर और लगभग ढाई हजार रुपये बैग में थे जो उन्हें सुरक्षित मिले। बैग ढूंढने वाली पुलिस की कोतवाल व अधिकरियों ने पीठ थपथपाई है।