रामपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले ही केंद्रों के गेटों को बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी का प्रवेश नहीं होगा। परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को सभी कक्ष निरीक्षकों को भी निर्देश जारी किए गए। पुलिस भर्ती परीक्षा दो पालियों में होगी, पहली पाली सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली की तीन से पांच बजे तक होगी।
उप्र पुलिस भर्ती परीक्षा 23 से 31 अगस्त तक कराई जाएगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में कुल 35 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इसमें एक पाली में करीब 3500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। एक दिन में सात हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा होगी। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा दो-दो बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और दो-दो परीक्षा प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
बुधवार को जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों से लेकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तक के अफसरों व कर्मियों को उनके कार्यों को समझाया गया। इस दौरान बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा को कैसे कराया जाए। जिले में परीक्षा के लिए तैनात किए गए प्रेक्षक अरुण कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के साथ ही सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रखने के आदेश दिए। इस दौरान एसपी विद्या सागर मिश्र, एएसपी अतुल श्रीवास्तव समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इन बातों का रखें ध्यान
- परीक्षा से 30 मिनट पहले से ही परीक्षा केंद्र के अंदर अभ्यर्थियों का प्रवेश बंद हो जाएगा।
-जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन में अपना आधार नंबर नहीं दिया है, उन्हें आवंटित समय के भीतर सत्यापन पूरा करने के लिए परीक्षा से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
- सभी अभ्यर्थियों को बोर्ड द्वारा जारी प्रवेशपत्र और पहचानपत्र जैसे ई-आधार, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट तथा काला या नीला बाल पेन लाना होगा।