बिलासपुर। कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को वाहन चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक व एक स्कूटी बरामद की है।
कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह के अनुसार बुधवार की सुबह मुखबिर ने सूचना दी थी कि नगर की न्यू कॉलोनी के पास दो युवक चोरी के वाहन समेत खड़े हुए हैं। वह दोनों चुराए गए वाहनों को बेचने जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में एक ने स्वयं को रुद्रपुरके वार्ड आठ मोहल्ला खेड़ा निवासी कालू उर्फ देव विश्वास पुत्र श्रीष विश्वास तथा दूसरे ने स्वयं को रुद्रपुर के मोहल्ला खेड़ा कॉलोनी ट्रांजिट कैंप निवासी राजू पुत्र मदन सिंह बताया। पुलिस ने कालू के कब्जे से चोरी की एक बाइक और राजू के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी बरामद की। बकौल पुलिस पूछताछ में कालू ने बताया कि उसने एक जून को नगर की रजा कॉलोनी टांडा हुरमतनगर निवासी मोहम्मद हसन की बाइक उनके घर के पास से चुराई थी। जबकि, राजू ने स्वीकार किया कि उसने रुद्रपुर के मोहल्ला भदईपूरा निवासी बबलू पुत्र रामजनम की स्कूटी नगर क्षेत्र से चुराई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार न्यायालय भेजा। न्यायालय में दोनों को जेल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि चोरी हुए दोनों वाहनों की घटनाओं का पर्दाफाश हो गया है।