बिलासपुर (रामपुर)। ग्राम पंजाबनगर स्थित नैनीताल हाईवे से सदराखेड़ा गांव को जाने वाला करीब एक किमी लंबा मार्ग जर्जर है। इससे करीब छह से अधिक गांवों के करीब 30 हजार लोग परेशान हैं। सदराखेड़ा गांव के लोगों ने लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार भी किया था। ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक मार्ग के निर्माण के लिए पैमाइश नहीं हुई। बारिश में समस्या बढ़ जाएगी।
नैनीताल हाईवे के ग्राम पंजाबनगर से सदराखेड़ा होता हुआ एक रोड मिलक मुंडी से माटखेड़ा गांव को जाता है। ग्रामीणों के अनुसार इस रोड से होकर ग्राम सदराखेड़ा, मिलक मुंडी, अलीपुर ठेका, टाह खुर्द, पिपलिया जट, माटखेड़ा आदि समेत करीब छह से अधिक गांवों की करीब 30 हजार से अधिक आबादी का आना जाना होता है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब पांच वर्ष पूर्व इस रोड का निर्माण हुआ था, मगर राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब एक किलोमीटर रोड का खड़ंजा जर्जर है। किसी ने इस खड़ंजे के ऊपर रोड का निर्माण नहीं कराया, जिसकी वजह से रोजाना निकलने वाले लोगों खासकर स्कूली बच्चों व बीमार लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि इस रोड के बनने से तमाम गांव के लोगों को सुविधा हो जाएगी और उनका तहसील मुख्यालय की दूरी कम हो जाएगी। लोकसभा चुनाव में मतदान के दौरान ग्राम सदराखेड़ा के लोगों ने इस रोड का निर्माण कराने की मांग को लेकर मतदान करने का बहिष्कार किया था। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह चुनाव के बाद रोड का निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग से करा देंगे।
राष्ट्रीय राजमार्ग से ग्राम सदराखेड़ा को आने वाला रोड बेहद जर्जर हालत में है। बरसात के दिनों में लोगों को इस रोड से निकलना मुश्किल हो जाता है। - शिवराम सिंह यादव, ग्राम सदराखेड़ा, बिलासपुर
यह जर्जर रोड बीते 20 बरस से ऐसी ही हालत में है। सभी जनप्रतिनिधि ग्रामीणों को मात्र आश्वासन देते रहे हैं। लेकिन अभी तक किसी ने खड़ंजे के ऊपर रोड का निर्माण नहीं कराया है, जिसके कारण सभी ग्रामीण परेशान हें। - भूकन लाल एडवोकेट, ग्राम सदराखेड़ा, बिलासपुर
इस जर्जर रोड से होकर मरीजों का निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है, ऐसे में मरीजों को होने वाली परेशानी का एहसास किसी और को क्या होगा। बहरहाल रोड का निर्माण होना चाहिए। - नरेश कुमार दिवाकर, ग्राम सदराखेड़ा, बिलासपुर
यह रोड बीते 20 बरस से जर्जर हालत में है, जिसका निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। लोकसभा चुनाव में ग्रामीण मतदान का बहिष्कार करके प्रशासन को चेतावनी भी दे चुके हैं, लेकिन अभी तक इस रोड का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। जबकि बरसात का मौसम आने वाला है। - सत्यपाल सिंह यादव, निवासी ग्राम सदराखेड़ा, बिलासपुर
मैं कई मर्तबा राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख व प्रशासनिक अधिकारियों से उक्त रोड का निर्माण कराने के लिए मिल चुकी हूं और राज्यमंत्री व अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वह चुनाव के बाद रोड का निर्माण कराएंगे। - परमजीत कौर, ग्राम प्रधान, मुल्लाखेड़ा, बिलासपुर
लोकसभा चुनाव की मतगणना का कार्य संपन्न होने के उपरांत इस रोड के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी, ताकि क्षेत्र के लोग रोड का निर्माण होने के बाद पूरा लाभ उठा सकें। - हिमांशु उपाध्याय, एसडीएम, बिलासपुर