रामपुर। बापू मॉल जल्द ही गुलजार होने वाला है। मंगलवार को कम दरों पर मॉल की 155 दुकानों की नीलामी होगी। पहले जहां इन दुकानों का किराया 50 से 60 रुपये प्रति स्क्वायर फीट था, जो अब घटाकर 30 रुपये प्रति स्क्वायर फीट कर दिया गया है। 13 दुकानों को पहले की आवंटित किया जा चुका है।
नगर पालिका परिषद ने करीब तीन माह पहले बापू मॉल की 13 दुकानों की नीलामी की थी। हालांकि, यहां पर लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाएं पूरी न होने से दुकानें शुरू नहीं हो सकी थीं। वहीं व्यापारी किराया अधिक होने का विरोध कर रहे थे। इसके बाद पालिका ने दुकानों की का किराया कम कर दिया है। मंगलवार को 155 दुकानों की नीलामी होगी।
सपा सरकार में तोपखाना रोड पर 24.96 करोड़ रुपये की लागत से मॉल का निर्माण हुआ था। इसका उद्घाटन तत्कालीन सीएम अखिलेश यादव ने किया था। इस माल में 365 दुकानें हैं। दुकानों के आवंटन के बाद पालिका की आय भी बढ़ेगी। अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को 155 दुकानों की नीलामी होगी। मॉल में लगे फौव्वारे शुरू कराए जाएंगे। साथ ही हरियाली के लिए पौधरोपण कराया जाएगा।