मुरादाबाद। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल की और अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया।
ऑउट सोर्सिंग कर्मचारी एसोसिएशन के बैनर तले जिले भर के एनआरएलएम कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विकास भवन पर एकत्र हुए तथा वहीं अनिश्चित धरना देना शुरू कर दिया। धरना स्थल पर भी आंदोलनकारियों ने सभा की। जिसमें एचआर पॉलिसी में अनुमन्य सुविधाएं कर्मचारियों को प्रदान किए जाने, सात प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, प्रोफेशनल्स को शिक्षा भत्ता, लैपटॉप भत्ता, मोबाइल भत्ता एवं सेल्फ लर्निंग भत्ता दिए जाने. सभी एनआरएलएम कर्मचारियों का आउट सोर्सिंग समाप्त कर उनका नियमितीकरण (विभागीय संविदा) किये जाने, कर्मचारियों को उनके मूल निवास के नजदीक तैनाती किए जाने के लिए ट्रांसफर पॉलिसी तैयार किए जाने आदि की मांग की। कर्मचारियों ने प्रदेश में चल रहे शांतिप्रिय आंदोलन को कुचलने के लिए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार दुबे को सरकार द्वारा बर्खास्त करने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उनके बहाली की भी मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती आंदोलन जारी रहेगा।
--