रामपुर। धमोरा की तर्ज पर अब पटवाई में भी ग्राम पंचायत की खाली जमीन पर शापिंग मॉल का निर्माण कराया जाएगा। इस मॉल में 40 दुकानें बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। जल्द ही इसका मानचित्र तैयार कराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
प्रशासन की ओर से ग्राम पंचायतों की खाली जमीनों का सदुपयोग करने का फैसला लिया गया है। इसके तहत धमोरा ग्राम पंचायत में शाॅपिंग मॉल का निर्माण कराया गया है। इसकी शुरुआत हो चुकी है। यह शॉपिंग मॉल प्रदेश का पहला ऐसा शॉपिंग मॉल है, जिसमें सरकारी धनराशि खर्च नहीं हुई है। इससे ग्राम पंचायत की आय भी बढ़ेगी। यहां के बाद प्रशासन ने जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह का शॉपिंग मॉल बनवाने का फैसला लिया है। पिछले दिनों बिलासपुर क्षेत्र के मनकरा गांव में शॉपिंग मॉल बनाने का फैसला लिया गया था। अब शाहबाद क्षेत्र के पटवाई में शाॅपिंग मॉल बनवाने का फैसला लिया गया है। इसको लेकर जमीन का चिह्नीकरण कर लिया गया है। सीडीओ नंद किशोर कलाल ने पटवाई चौराहे पर पुलिस थाने के पास पंचायत की रिक्त पड़ी भूमि पर शॉपिंग मॉल बनाए जाने के लिए निरीक्षण किया। सीडीओ ने बताया कि रामपुर-शाहबाद रोड पर ग्राम पंचायत पटवाई में पंचायत की रिक्त भूमि पर लगभग 40 दुकानें बनाया जाना प्रस्तावित है, जिससे ग्राम पंचायत की आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीणों को रोजगार के साधन उत्पन्न होंगे। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी, शाहबाद को निर्देश दिए कि किसी अनुभवी आर्किटेक्ट को स्थलीय निरीक्षण कराते हुए नक्शा तैयार कराएं। निरीक्षण के समय खंड विकास अधिकारी, शाहबाद, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान एवं हल्का लेखपाल आदि मौके पर मौजूद रहे।