रामपुर। लोकसभा चुनाव का डंका बज चुका है। रामपुर लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा। इसके लिए 20 मार्च से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कार्यक्रम घोषित होने के बाद प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए कमर कस ली है। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने साफ किया है कि चुनाव को निष्पक्ष कराया जाएगा।
लोकसभा चुनाव की शनिवार की शाम को घोषणा कर दी गई है। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किए गए कार्यक्रम के बाद जिले भर में आचार संहिता लागू कर दी गई है। आचार संहिता का पालन कराने के लिए टीमों का गठन हो चुका है। चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए कार्यक्रम के मुताबिक रामपुर में पहले चरण में मतदान होगा। इसके तहत 19 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। इससे पहले 20 मार्च से नामांकन कराया जाएगा। नामांकन 27 मार्च से कराया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह व पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष ढंग से कराया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। चुनाव के दौरान आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। कहा कि चुनाव के दौरान शांतिभंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया कि गड़बड़ी फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह रहा चुनावी कार्यक्रम
नामांकन पत्र दाखिल- 20 मार्च
नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख-27 मार्च
नामांकन पत्रों की जांच-28 मार्च
नामांकन पत्र वापसी-30 मार्च
मतदान-19 अप्रैल
मतगणना- चार जून
कलेक्ट्रेट में होगी नामांकन प्रक्रिया
रामपुर। लोकसभा चुनाव के लिए कलेक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि 20 मार्च से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया कलेक्ट्रेट में होगी। इसके लिए अब तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोडेंगे अफसर कर्मचारी
रामपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले के सभी सरकारी अफसरों व कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी है। साथ ही उन्होंने बिना उनकी अनुमति के मुख्यालय न छोड़ने का आदेश दिया है। डीएम ने साफ किया है कि यदि किसी ने इन आदेशों का उल्लंघन किया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।