रामपुर। तहसीलों और थानों में ग्रामीणों की शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इसके चलते कड़ाके की ठंड में ठिठुरते हुए फरियादी कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम से शिकायत करने को मजबूर हैं। बुधवार को भी दूर-दूराज के गांवों से शिकायत लेकर तमाम फरियादी डीएम के पास पहुंचे, जिसके समाधान के लिए डीएम ने निर्देश दिए।ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान तहसील और थाना स्तर पर हो सके इसके लिए शासन के आदेश पर प्रत्येक माह दो शनिवार को तहसील दिवस और दो शनिवार को थाना समाधान दिवस होता है। हालांकि, इन समाधान दिवसों में फरियादियों की शिकायतें निस्तारित नहीं हो पा रही हैं। डीएम ने भी संबंधित तहसीलों के अफसरों के साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों को समाधान दिवसों में पहुंचकर शिकायतों के निस्तारण के आदेश जारी किए हैं, इसके बाद भी समस्या जस की तस है।
बुधवार को डीएम जब अपने कार्यालय पहुंचे तो कड़ाके की सर्दी में भी फरियादियों की भीड़ लगी हुई थी। कोई फरियादी 30 किलोमीटर तो कोई 50 किलोमीटर चल कर आया था। इस दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए डीएम ने संबंधित अफसरों को आदेश दिए। फरियादियों का शिकायतें लेकर जिला मुख्यालय तक आना तहसील स्तरीय अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
मेरी जमीन पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। इसको लेकर कई बार तहसील के अफसरों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया है। इसलिए अब डीएम से समस्या का समाधान कराने की गुहार लगाई है।
शमशेर सिंह, दुवावट, मिलक
मेरी जमीन पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। विरोध करने पर मुझे व उसके परिवार को धमकी दी गई। कई बार तहसील पर व पुलिस से शिकायत की, लेकिन निस्तारण नहीं हुआ। इसके बाद अब डीएम से मामले की शिकायत की है।
किश्वरी, नई बस्ती, कमुआ रोड केमरी।
-
आरडीए की जमीन पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। इसकी शिकायत पुलिस के साथ आरडीए से भी की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसलिए कड़ाके की ठंड में डीएम से शिकायत करने आना पड़ा।
अकबर अली, ज्वाला नगर
मेरे पास मकान नहीं है। इसके चलते ठंड में काफी परेशानी हो रही है। मकान के लिए आवेदन किया जा चुका है, फिर भी मकान नहीं मिला। इसको लेकर शिकायत भी की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। अब डीएम से मकान दिलाने की गुहार लगाई है।
साफिया, मिस्टन गंज
डीएम ने फरियादियों को बांटे कंबल
कड़ाके की ठंड में फरियाद लेकर पहुंचने वाले फरियादियों को डीएम ने कंबल भी बांटे। बुधवार को डीएम के दरबार में शिकायत लेकर 21 फरियादी पहुंचे, जहां डीएम ने समस्याओं को सुना। ठंड से कांप रहे लोगों को डीएम ने कंबल ओढ़ाया।
-
फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण त्वरित कराने के आदेश सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ तहसील स्तरीय अधिकारियों को भी दिए गए हैं। फरियादियों की समस्याओं का हर हाल में समाधान कराया जा रहा है। यदि समस्याओं के समाधान में किसी स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- रविंद्र कुमार मांदड़, डीएम, रामपुर।