रामपुर। निकाय चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की बिक्री और परचा दाखिल किए जाने की प्रक्रिया चौथे दिन शुक्रवार को आंबेडकर जयंती पर अवकाश के बाद भी जारी रही। शुक्रवार को जिले की 11 निकायों के लिए अध्यक्ष पद के लिए 30 और सदस्य के लिए 185 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। वहीं अध्यक्ष पद के लिए आठ और सदस्य पद के लिए 127 नामांकन पत्र दाखिल हुए।
जिले की 11 निकायों के 231 वार्ड में 04 मई को निकाय चुनाव को लेकर मतदान होना है। मतदान में लगभग 5.22 लाख मतदाता भाग लेंगे। मंगलवार से सभी तहसील मुख्यालयों पर नामांकन पत्र की बिक्री और परचा दाखिल किए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसको लेकर तहसील के कार्यालयों पर अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे और आरओ और एआरओ की तैनाती की गई थी। नामांकन पत्रों की बिक्री सुबह 11 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक चली। रामपुर नगरपालिका के अध्यक्ष पद के 03 और सदस्य के पद के लिए 15 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।