मोदी को नहीं मिल रहा पार्टी का सहयोग : तिवारी
यूपी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नारायण दत्त तिवारी ने का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भाजपा में ही सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस की स्थिति में सुधार की बात कही। कुछ प्रदेशों में जमीनी हकीकत से पार्टी के दूर रहने पर चिंता जाहिर की। कहा कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इसके लिए गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करना होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री रविवार शाम हल्द्वानी से दिल्ली जाते वक्त रामपुर में रुके। अपनी पत्नी उज्ज्वला तिवारी और बेटे रोहित शेखर तिवारी के साथ वो यहां पहुंचे थे। उन्होंने देश में कांग्रेस की स्थिति के सवाल पर कहा कि आल ओवर देश में तो कांग्रेस की स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन कुछ प्रदेशों में स्थिति कमजोर जरूर हुई है। यहां स्थिति मजबूत करने की जरूरत है। पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को गांव-गांव जाकर मेहनत करनी होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री जेएनयू के मुद्दे पर कांग्रेस की भूमिका के सवाल को टाल गए। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्टी में ही सहयोग नहीं मिल रहा है। शुरुआत में जिस तरह से केंद्र सरकार ने कामकाज किया वो बात अब नहीं है। तिवारी ने यूपी सरकार के कामकाज पर संतोष जताया। 2017 में किस पार्टी के सत्ता में आने की संभावना के सवाल पर बोले कि वो कोई भविष्य वक्ता नहीं है।