रामपुर। सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पैन कार्ड मामले में उनके धुर सियासी विरोधी पूर्व मंत्री काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां भी गवाही देंगे। इसके लिए उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया है। इससे पहले कोर्ट में विवेचक की गवाही पूरी हो गई है। अब इस मामले की सुनवाई तीन सितंबर को होगी।
सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के खिलाफ वर्ष 2019 में भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने सिविल लाइंस थाने में दो पैन कार्ड रखने का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में सपा नेता आजम खां भी आरोपी हैं। उनका आरोप है कि सपा नेता आजम खां ने अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के दो पैन कार्ड बनवाए और इनका इस्तेमाल चुनाव के दौरान किया। पुलिस ने मामले की तफ्तीश करने के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई थी। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। सपा नेता आजम खां के धुर विरोधी रहे पूर्व मंत्री काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने अपने अधिवक्ता संदीप सक्सेना के माध्यम से कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर अपनी गवाही देने की बात कही है, जिस पर कोर्ट ने बचाव पक्ष के अधिवक्ता से आपत्ति मांगी है। अब इस प्रार्थना पत्र पर तीन सितंबर को सुनवाई होगी। वहीं दूसरी ओर इस मामले में विवेचक बरेली में तैनात इंसपेक्टर ऋषिपाल सिंह की गवाही पूरी हो गई है। भाजपा नेता के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि इस मामले में अब तीन सितंबर को सुनवाई होगी।