संवाद न्यूज एजेंसी
दढ़ियाल (रामपुर)। कोसी नदी की बाढ़ से क्षतिग्रस्त मुरादाबाद-नैनीताल हाईवे वाया टांडा पर चौथे दिन भी वाहनों का आवागमन बंद रहा। हालांकि, मार्ग पर मरम्मत कार्य जारी है और शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने जल्द ही मार्ग के चालू होने की संभावना व्यक्त की है।
मंगलवार को कोसी नदी में आई बाढ़ के चलते मुरादाबाद-नैनीताल हाईवे दढ़ियाल-मुंशीगंज के बीच चार स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। हालांकि, अगले दिन शाम को विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से को चिह्नित करने के बाद बाइक सवारों के लिए खोल दिया गया, लेकिन बड़े वाहनों पर प्रतिबंध रहा। इस दौरान मार्ग की मरम्मत का कार्य भी शुरू करा दिया गया है।
शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार अपने अधीनस्थ अधिकारियों सहायक अभियंता गिरीश कुमार और अवर अभियंता शाहिद गुलशेर के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने दढ़ियाल-मुंशीगंज के बीच स्थित चारों पुलियों के पास क्षतिग्रस्त मार्ग के हिस्से का निरीक्षण किया।
उन्होंने मार्ग की मरम्मत करा रहे ठेकेदारों और कर्मचारियों से कार्य मे तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्ग की मरम्मत के लिए स्टोन क्रशर से आवश्यक सामग्री पत्थर, बजरी और बालू आदि की व्यवस्था अतिशीघ्र किए जाने को कहा। अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि मार्ग को जल्द चालू करा दिया जाएगा।