रामपुर। पशुओं में कई प्रकार की बीमारियां होने से उनका समय से इलाज न होने पर मौत हो जाती है। साथ ही टीकाकरण सहित अन्य सुविधाएं मिलने की जानकारी पशुपालकों को न होने से उन्हें दिक्कत होती है। इस समस्या का समाधान कराने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए विभाग को शासन की ओर से मोबाइल सचल सेवा वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। जिनको आज अधिकारी व जनप्रतिनिधि गांव-गांव रवाना करेंगे।
जनपद को पांच मोबाइल सचल सेवा वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। जिनमें दो वाहन आ चुके हैं। तीन वाहन इसी महीने में उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इन वाहनों को चलाने के लिए चालक, मल्टीटॉक पर्सनल और पशु चिकित्सक सुलभ रहेंगे। इनकी तैनाती कर दी गई है। शनिवार को मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी की ओर से इनके दस्तावेज चेक किए गए। सभी वाहनों का रूट तय किया गया। वह प्रतिदिन ग्राम पंचायतों मेें सेवा देंगे। प्रत्येक सप्ताह में एक दिन शिविर का आयोजन होगा। पांच दिन तय रूट पर जाएंगे और एक दिन अवकाश रहेगा। मोबाइल सचल सेवा वाहन के जरिए गांव-गांव जाकर पशुपालकों को जागरूक किया जाएगा। पशुओं के इलाज के साथ ही गाय-भैंस का कृत्रिम गर्भाधान भी कराया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. महेश कुमार कौशिक ने बताया कि दो वाहन मिल चुके हैं। रविवार को विकास भवन से इन वाहनों को रवाना कराया जाएगा। इस अवसर पर सांसद घनश्याम सिंह लोधी सहित डीएम, सीडीओ व प्रशासनिक अफसर, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। संवाद