रामपुर। राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ऽबालिका सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबनऽ विषय पर ई-संगोष्ठी एवं ऽमहिलाओं को विधिक एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श ऽ विषय पर बालिकाओं के लिए कॉउंसलिंग एवं मार्शल आर्ट प्रशिक्षण व बालिका सुरक्षा शपथ ग्रहण गतिविधियों का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. सैयद अब्दुल वाहिद शाह ने कहा कि स्त्री और पुरुष समाज के दो पहिए हैं। एक संतुलित समाज के निर्माण में महिला एवं बालिकाओं की समान भूमिका है। स्त्री सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के बिना एक संतुलित समाज, एक समृद्ध समाज का निर्माण संभव नहीं है। देश की आर्थिक तरक्की के लिए महिलाओं का सशक्त , जागरूक एवं स्वाबलंबी होना बेहद जरूरी है। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. पीके वार्ष्णेय ने कहा की मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत राज्य सरकार के आदेश के अनुक्रम में विशेष गतिविधियां प्रतिदिन आयोजित की जा रही हैं, जैसे कि महिलाओं के लिए विधिक एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श, मार्शल आर्ट प्रशिक्षण, बालिका सुरक्षा शपथ एवं विचार गोष्ठियों के द्वारा निरंतर समाज में महिला सम्मान प्रति जागरूकता का प्रचार प्रसार करने में महाविद्यालय के द्वारा भरसक प्रयत्न किया जा रहा है। डॉ. मुजाहिद अली ने बालिकाओं में आत्मविश्वास जगाने के लिए मार्शल आर्ट प्रशिक्षण का आयोजन किया एवं छात्रों एवं प्राध्यापकों को बालिका सुरक्षा की शपथ ग्रहण कराई। वहीं, विधिक एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श सत्र में छात्राओं के द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों पर परामर्श दिए गए। इस अवसर पर डा. अजीता रानी, डॉ. रेनू, डॉ आरके सागर, डॉ. रिजवी, डॉ. रेशमा आदि मौजूद रहीं।