सैफनी/रामपुर। सैफनी क्षेत्र के बैरुआ गांव में सादा कपड़ों में खेत में बैठे तीन सिपाहियों को लोगों ने बच्चा चोर समझकर मारपीट शुरू कर दी। जानकारी होने पर लोगों ने सिपाहियों को छोड़ दिया। पुलिस मारपीट की घटना से इंकार कर रही है। पुलिस ने गांव के दो युवकों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की है।
बैरुआ गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक अपने घर के सामने खेतों में पशु चरा रहा था। उसने तीन लोगों को खेत में बैठे देखा। यह देखकर वह घबरा गया और उसने बच्चा का शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए और सादा कपड़ों में बैठे सिपाहियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जैसे ही लोगों को पता लगा कि वह थाने के सिपाही हैं तो वो उन्हें छोड़ दिया। सूचना पाकर थाने से पुलिस पहुंच गई। पुलिस अपने साथ दो युवकों को थाने ले आई और उनके खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की है। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह सोलंकी ने मारपीट होने की घटना से इंकार किया है। उनका कहना है कि बृहस्पतिवार की सुबह बैरुआ गांव में गोकशी की सूचना पर तीन सिपाही आरोपियों की धरपकड़ के लिए गए थे। जिस आरोपी को पकड़ना था वह भी हाथ से निकल गए।