रामपुर। यूपी बोर्ड की दसवीं और 12 वीं की परीक्षा के परिणाम में मिलक के बच्चों ने बाजी मारी। दोनों कक्षाओं की टॉप टेन सूची में ग्रामीण इलाकों खासतौर से मिलक के बच्चे हावी रहे,जबकि शहरी इलाके के बच्चे पिछड़ गए। यूपी बोर्ड की परीक्षा परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षा परिणाम के साथ ही जिले के टॉप टेन बच्चों की सूची भी साझा की गई। दसवीं की टॉप टेन सूची में कुल 17 बच्चों के नाम सामने आए हैं,जिसमें से आठ बच्चे मिलक क्षेत्र के हैं। इसके अलावा शाहबाद, टांडा, पटवाई क्षेत्र के बच्चे हैं। दसवीं की सूची में महज एक बालिका का नाम शहर से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा 12 वीं की टॉप टेन सूची में भी 12 बच्चों के नाम हैं,जिसमें से पांच बच्चे मिलक क्षेत्र के हैं। इ सके अलावा टांडा, बिलासपुर व पटवाई क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। इस तरह टॉप टेन सूची में ग्रामीण इलाकों के बच्चों का दबदबा कायम है। शहरी इलाकों के स्कूल व कॉलेज के छात्र-छात्राएं टॉप टेन सूची में अपना स्थान हासिल नहीं कर पाए।