रामपुर। यूपी और सीबीएसई बोर्ड के 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉपर रहे 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को अमर उजाला और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सम्मानित कर हौसला बढ़ाया। शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में मेडल व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया तो छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। सभी को शहर विधायक आकाश सक्सेना व डीएम जोगिंदर सिंह ने सम्मानित किया।
अमर उजाला और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इस साल 10वीं व 12वीं में यूपी व सीबीएसई बोर्ड के जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबदेवी ने रामपुर के सीबीएसई के 10वीं के जिले के टॉपर अभिनव शर्मा को सम्मानित किया तो वहीं जिला स्तर पर कलक्ट्रेट में सम्मान समारोह हुआ।
शहर विधायक आकाश सक्सेना व डीएम जोगिंदर सिंह ने टैबलेट व धनराशि के साथ मेडल देकर सभी मेधावियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में श्री हरि इंटर कॉलेज रामपुर के छात्र अजय कुमार को राज्य स्तर पर 96.40 फीसदी अंक प्राप्त कर आठवां स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा एसआरएम कॉलेज रौराकलां मिलक के छात्र अंकुश कुमार को प्रदेश स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त करने पर 1-1 लाख रुपये का चेक, टैबलेट व प्रशस्तिपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट में ही जनपद स्तर पर नाम रोशन करने वाली कलावती कन्या इंटर कॉलेज धनेली उत्तरी मिलक की पूनम देवी समेत अन्य छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
प्रदेश में 2017 के बाद शिक्षा का स्तर ऊपर उठा : आकाश सक्सेना
रामपुर। विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में शिक्षा का स्तर बहुत ऊपर उठा है। छात्र-छात्राओं को अपनी मेहनत का पूर्ण सम्मान मिल रहा है। साथ ही अध्यापक भी अपनी पूरी लगन और निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने लक्ष्य के प्रति लगे रहें और अपने जिले का नाम रोशन करें। अगर किसी चीज में कभी भी किसी मदद की जरूरत हो तो वो हमेशा छात्र-छात्राओं के लिए तैयार है।
डीएम ने कहा कि छात्र-छात्राएं नियमित रूप से सभी प्रकार की शिक्षा के साथ-साथ अन्य प्रतियोगिताओं में जैसे स्काउट, भाषण, एनसीसी में प्रतिभाग कर अपने व्यक्तित्व में सुधार लाएं। इसके अलावा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का निरंतर प्रयास करते रहें, कभी हताश न हो। इस मौके पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक हरिनाथ सिंह, बीएसए संजीव कुमार, प्रधानाचार्य अरविंद कुमार भास्कर, शालू कौशल, जितेंद्र सक्सेना, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, जतिन, वीरेंद्र आर्य, गुफरान मौजूद रहे। संचालन जैन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हरीश कुमार डुडेजा ने किया।
ये छात्र हुए सम्मानित
कलावती कन्या इंटर कॉलेज धनेली उत्तरी मिलक की वैशाली, श्री जानकी इंटर कॉलेज मिलक के ऋषभ गंगवार, एसआरएम इंटर काॅलेज मिलक के अमन, जानकी इंटर काॅलेज के समीर अली, कलावती कन्या इंटर कालेज मिलक की रितु गंगवार, जानकी इंटर काॅलेज मिलक के केशव, एसआरएम इंटर काॅलेज मिलक के गौरव कुमार को सम्मानित किया गया। इसके अलावा कलावती कन्या इंटर काॅलेज मिलक की कामिनी गंगवार, गुरु अमरदास शिक्षा निकेतन बालिका इंटर काॅलेज मिलक की परिणीता अग्रवाल, कलावती कन्या इंटर काॅलेज मिलक की मंतशा, श्यामा देवी इंटर काॅलेज रास डांडिया मिलक के विशेष कुमार, कलावती कन्या इंटर कालेज मिलक की निशि राठौर, कलावती कन्या इंटर काॅलेज मिलक की तोसीबा, रामचंद्र सिंह मेमोरियल इंटर काॅलेज मढ़ौली के विशाल कुमार, रामपुर नेशनल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की मिस्बा, आरपीएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंडेसरा के आसिफ रजा, नेशनल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की लायबा नूर को सम्मानित किया गया। इन सभी को 21 हजार का चेक, मेडल, टेबलेट एवं प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया।
...........................
जिला टॉपर के साथ पिता भी सम्मानित
मिलक। प्रदेश सरकार द्वारा मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन लोकभवन लखनऊ में हुआ। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीबीएसई बोर्ड के कक्षा-10 के जिले के टॉपर और आल इंडिया चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले अभिनव शर्मा को प्रमाणपत्र, मेडल, टैबलेट और एक लाख रुपये देकर सम्मानित किया गया। अभिनव के साथ अभिनव के पिता शिक्षक नवीन कुमार शर्मा को पगड़ी व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री गुलाबदेवी और संदीप सिंह भी उपस्थित रहे। संवाद