सीतापुर निवासी मेडिकल छात्र युवराज सिंह की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई है। उसके हाथ पैर में भी घिसटने के निशान हैं। फिलहाल पुलिस का मानना है कि संभवत: उसकी मौत ट्रेन से गिरने से हुई होगी। इस बीच परिजन शव को लेकर सीतापुर रवाना हो गए हैं। अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
शुक्रवार की रात 11:00 बजे मिलक और ग्राम क्योरार के बीच रेलवे ट्रैक के पास जनपद सीतापुर के थाना महमूदाबाद के ग्राम बेसनपुर निवासी मेडिकल छात्र युवराज का शव मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मिलक पुलिस से युवराज के शव का पोस्टमार्टम कराने को तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया था।
मृतक के चाचा विपिन कुमार ने पुलिस के सामने आशंका जाहिर की थी कि युवराज मेडिकल का छात्र था और वह सात दिसंबर से लापता था इस संबंध में थाना महमूदाबाद में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। युवराज के चाचा ने आरोप लगाया था कि उनके भतीजे की उनके साथियों द्वारा हत्या कर दी गई होगी।
मृतक की अपने कुछ साथियों से अनबन चल रही थी। मृतक के चाचा ने भतीजे की मौत को रहस्यमयी बताया है । रविवार को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि मृतक की मौत सिर में गंभीर चोट लग जाने के कारण हुई है।
संभव है कि युवराज ट्रेन से गिरकर उसकी चपेट में आ गया होगा जिस कारण उसकी मौत हो गई और उसके अंग छतविक्षत हो गए। परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को अपने गांव ले गए थे और पोस्टमार्टम के बाद दोबारा कोतवाली में किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।