रामपुर। ठेले पर एक बड़ी कुर्सी और उस पर सजे-धजे और काला टीका लगाकर हाथ में झाड़ू पकड़े बैठे मतकटे दूल्हे ने लोगों को आशीर्वाद दिया। आगे-आगे डीजे की धुन पर थिरकते लोगों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया और पिचकारियों, बैलून और तरह-तरह से सड़कों पर रंग और गुलाल उड़ाते हुए नृत्य किया। हर कोई इस मटकटे दूल्हे की बरात में रंगों से सराबोर दिखाई दिया।सतखसमी मतकटी परिषद के पदाधिकारी दशकों से पारंपरिक मतकटाें की बरात निकालते आ रहे हैं। इस वर्ष भी धूमधाम से मतकटे दूल्हे की बरात को निकाला गया। देर रात करीब आठ बजे से यह बरात हरिहर मंदिर से दर्शन करने के बाद रवाना हुई। यहां से सैकड़ों की संख्या में बरातियों ने धमाल मचाना शुरू कर दिया। हर तरफ होली है....होली है के जयकारे लगने लगे। लोगों ने एक दूसरे के चेहरों पर गुलाल लगाना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते हर कोई होली के रंग में रंगा नजर आने लगा। इस दौरान डीजे की धुन पर होली खेलें रघुवीरा अवध में...होली खेलें रघुवीरा, रंग बरसे भीगे चुनर वाली...रंग बरसे..बहादुर नहीं छोड़ेगा... गीत बजे। जिस पर बच्चे, बूढ़े, जवान हर कोई झूमता नजर आया। लोगों ने अपने घरों की छतों से पानी फेंका, जिसमें भीगकर बराती जमकर थिरके। इस बीच लोगों ने जमकर धमाल मचाया। इस दौरान मतकटे दूल्हे ने अपने हाथों में पकड़ी झाडृू मारकर लाेगों को आशीर्वाद दिया। यहां पर लोगों का मानना है कि मतकटे दूल्हे की झाडू पड़ना शुभ है। ऐसे में हर कोई आगे बढ़चढ़ कर आशीर्वाद लेने पहुंच गया।
इस दौरान बरात गीत-संगीत और डीजे की धुन के बीच बेतुक रोड से होकर चमन दुर्गा मंदिर से दर्शन करते हुए आगे बढ़कर पुलिस चौकी पुराना गंज, छिपियान, माई का थान पहुंची। यहां पर लोगों ने भांग की पकौड़ी खाईं। साथ में चल रही भीड़ को भी पकौंड़िया़ं, खीर, ठंडाई भी वितरित की गई। इसके बाद बरात पुन: हरिहर मंदिर पर वापस पहुंची। यहां पर बरात का जमकर स्वागत करने के बाद भगवान के दर्शन किए गए और लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक रामसरन देवल, महासचिव रविंद्र गुप्ता, सचिव रामोतार पाल, राजीव प्रजापति, चिरंजी लाल प्रजापति, आशु ठाकुर, चिंटू ठाकुर, धर्मेंद्र गुप्ता, नमन देवल, विजय गुप्ता, सचिन गुप्ता, अश्विनी त्यागी समेत तमाम लोग मौजूद रहे। शहर में मतकटों की बरात निकलने के दौरान पुलिस का पहरा बना रहा। पुलिस भीड़ के साथ-साथ चली। थाना पुलिस के साथ आसपास की पुलिस भी सुरक्षा में लगी रही।
-
हास्य व्यंग्य में खूब गुदगुदाया
सतखसमी मतकटी परिषद की ओर से निकाली गई मतकटों की बरात के बाद वापस हरिहर मंदिर पहुंचने पर तरह-तरह के आयोजन हुए। इस दौरान हास्य व्यंग्य नाटक, फैंसी ड्रेस का कंपटीशन हुआ। इसके बाद चुटकुलों ने लोगों को लोटपोट कर दिया। इस दौरान हास्य व्यंग्य में हार्दिक ठाकुर, हर्ष यादव, अनुराग, शैलेश, फैंसी ड्रेस में विवेक गुप्ता, तंजुल पंडित समेत तमाम नन्हें-मुन्नों ने समा बांध दिया।