रामपुर। जिले में शैक्षिक संस्थानों और कॉलेजों में तमिल के महाकवि सुब्रमण्यम भारती की जयंती मनाई गई। शिक्षकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर जीवन पर प्रकाश डाला। कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खारी कुआं में महाकवि सुब्रमण्यम भारती की जयंती पर विद्यालय में भारतीय भाषा उत्सव कार्यक्रम मनाया गया।
कार्यक्रम में भारतीय भाषाओं का चार्ट, उत्तर प्रदेश की भाषाओं का चार्ट, विविधता में एकता दर्शाते हुए क्षेत्रीय भाषाओं का मिलाजुला प्रयोग कर कार्यक्रम विभिन्न भाषाओं में एक ही गीत गाए गए। सुब्रमण्यम भारती के जीवन पर भाषण और निबंध प्रतियोगिता कराई गई। प्रधानाचार्य लक्ष्मी यादव ने बच्चों को महाकवि के जीवन के बारे में बताया। राजकीय जुल्फिकार बालिका इंटर कॉलेज में महाकवि की जयंती भारतीय भाषा उत्सव के रूप में मनाई गई। निबंध प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता, गीत प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। राजकीय जुल्फिकार इंटर कॉलेज में महाकवि की जयंती के अवसर पर समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने महाकवि सुब्रह्मण्य भारती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।