रामपुर। लोकसभा चुनाव में जिले की छह तहसीलों में 355 बूथों पर पुलिस व प्रशासन को बवाल की आशंका है। इसको देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। इन बूथों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो, इसके लिए चुनाव में खलल डालने वालों का चिह्नीकरण शुरू कर दिया गया है। जिले में 1071 मतदान केंद्रों के 1789 बूथों पर मतदान होगा।लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान जल्द हो सकता है। हालांकि, चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से पिछले कई माह से तैयारियां की जा रही हैं। इस बीच पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो इसके लिए भी प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रशासन ने पुलिस के माध्यम से जिले में ऐसे बूथ छांटे हैं, जिन पर गड़बड़ी या फिर किसी भी तरह का बवाल हो सकता है। ऐसे बूथों की संख्या जिले भर में 355 आंकी गई है, जिसमें 308 क्रिटिकल बूथ हैं, जबकि 47 वल्नरेबल हैं।
क्रिटिकल बूथों के हिसाब से देखा जाए तो यह संख्या सबसे ज्यादा बिलासपुर और मिलक क्षेत्र में है। स्वार में भी काफी बूथ हैं जो कि क्रिटिकल बूथों के दायरे में रखे गए हैं। इसी तरह शहर विधासनभा क्षेत्र में गड़बड़ी की आशंका वाले बूथों की संख्या 30 है। प्रशासन ने पुलिस के माध्यम से ऐसे बूथों के क्षेत्र में रहने वाले उन लोगों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं, जो चुनाव में गड़बड़ी पैदा कर सकते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करने के मूड में है।
विधानसभावार जिले की स्थिति
विधानसभा क्षेत्र क्रिटिकल बूथ वल्नरेबल बूथ
स्वार 54 4
चमरौवा 68 16
बिलासपुर 90 5
रामपुर 26 4
मिलक 70 18
- चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पैदा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। किसी भी प्रकार गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। - जोगिंदर सिंह, डीएम और जिला निर्वाचन अधिकारी।
आश्रम पद्धति काॅलेज का प्रशासन ने किया अधिग्रहण
लोकसभा चुनाव में आने वाली अर्धसैनिक बलों के जवानों को ठहराने के लिए प्रशासन ने हाईवे स्थित आश्रम पद्धति इंटर काॅलेज का अधिग्रहण कर लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि चुनाव के दृष्टिगत मतदान की प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण शांत तरीके से संपन्न के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। बाहर से आने वाले जवानों को ठहराने के लिए कॉलेज का अधिग्रहण किया गया है। डीएम ने प्रधानाचार्य को काॅलेज में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिए हैं।