मसवासी (रामपुर)। बीते बृहस्पतिवार को देर रात करीमपुर के जंगल में तेंदुए की चहलकदमी के बाद से दहशत अभी खत्म नहीं हुई है। हालांकि तेंदुए की तलाश में वन विभाग लगातार प्रयासरत है, लेकिन उसकी सही लोकेशन का पता अभी तक नहीं लग पाया है।
चौकी क्षेत्र के गांव करीमपुर से एक तेंदुआ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे गांव निवासी राजू पाल अपने मकान की छत से नीचे उतर रहा था तभी उसकी नजर गांव के मार्ग पर टहल रहे तेंदुए पर पड़ी। उसे देखकर राजू पाल के होश उड़ गए और उसने शोर मचा दिया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर तमाम ग्रामीण इकट्ठे हो गए थे। वह लाठी-डंडे लेकर घरों से बाहर आ गए और शोर मचाना शुरू कर दिया था। ग्रामीणों को देख तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया था। शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने कांबिंग की, लेकिन तेंदुए के पदचिह्न नहीं दिखाई दिए। वहीं अगले दिन ग्रामीणों को भी तेंदुआ नहीं दिखाई दिया है। तेंदुए को लेकर ग्रामीणों में अभी भी दहशत बरकरार है। ग्रामीणों ने अपने बच्चों को घरों में कैद कर लिया। वन दरोगा शीलकुमार ने बताया कि गांव में लगातार निगरानी रखी जा रही है। जैसे ही लोकेशन ट्रेस होती है, वैसे ही वहां पर पिंजड़ा लगा दिया जाएगा।