रामपुर में मसवासी चौकी क्षेत्र के गांव बेलवाड़ा के बाद अब तेंदुआ पड़ोस के गांव जमना-जमनी में दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तेंदुए की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की है। वहीं, सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने भी तेंदुए के होने की पुष्टि करते हुए उसकी लोकेशन ट्रेस करनी शुरू कर दी है।
कई दिनों से कोसी नदी के किनारे बसे गांवों में तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीण खौफजदा हैं। कुछ दिन पहले तेंदुआ अधिवक्ता दलजीत सिंह राणा के फार्म हाउस वाले रास्ते पर दिखाई दिया था। रविवार देर रात जमना-जमनी में सरदार अमर सिंह के खेत में बने ट्यूबवेल की छत पर तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। ग्रामीणों द्वारा टॉर्च की रोशनी दिखाने पर तेंदुआ ट्यूबवेल से उतरकर गन्ने के खेत में घुस गया। इस दौरान ग्रामीणों ने तेंदुए की वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। तेंदुए के प्रमाण मिलने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जिसके चलते किसानों का अपने खेतों पर जाना भी दूभर हो गया है।
वहीं, तेंदुए को देखे जाने की सूचना पर डिप्टी रेंजर केएस भंडारी, वन दरोगा शील कुमार वनकर्मी अशरफ अली के साथ जमना-जमनी पहुंच गए। वन विभाग की टीम ने तेंदुए की पुष्टि करते हुए उसकी लोकेशन ट्रेस करनी शुरू कर दी है। जमना-जमनी निवासी सरदार दरबार सिंह ने बताया की पिछले दो दिनों से खेत में बने ट्यूबवेल पर तेंदुए को देखे जाने की जानकारी मिल रही थी। जिस पर रविवार की रात आसपास के लोगों के साथ तेंदुए की निगरानी की गई। इस दौरान तेंदुआ ट्यूबवेल की छत पर बैठा दिखाई दिया। टॉर्च की रोशनी दिखाने पर तेंदुआ गन्ने के खेत की ओर चला गया। वन क्षेत्राधिकारी मुजाहिद हुसैन ने बताया कि लोकेशन ट्रेस करने के बाद पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।