मसवासी। क्षेत्र के जमुना-जमुनी गांव के जंगल में देर रात तेंदुए ने फिर एक पालतू कुत्ते को अपना निवाला बना लिया। जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं डीएफओ राजीव कुमार ने रेंजर सहित वन विभाग की टीम के साथ जमुना-जमुनी गांव के जंगल में कांबिंग की। डीएफओ ने तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने के लिए दिन रात के लिए अलग-अलग टीम को नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
लोगों ने बताया कि बीते कई दिनों से तेंदुए ने बेलवाड़ा, जमुना-जमुनी सहित आसपास के गांव में अपनी दहशत बनाए हुए है। तेंदुए ने बीते रविवार को जमुना-जमुनी में गोपी के पालतू कुत्ते को निवाला बनाने के बाद बीती रात तेंदुए ने पड़ोस के गांव भूबरी में जयपाल के कुत्ते को उठा ले गया। लगातार क्षेत्र में तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीणों खौफजदा हैं। किसान अपने खेतों पर जाने से भी कतराने लगे हैं। मंगलवार को डीएफओ राजीव कुमार ने वन क्षेत्राधिकारी मुजाहिद हुसैन सहित विभागीय टीम को लेकर जमना-जमनी गांव के जंगल में कांबिंग की। डीएफओ राजीव कुमार ने तेंदुए की निगरानी के लिए दो टीमें नियुक्त की हैं। जो दिन रात तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने में लगी रहेंगीं। इसके साथ ही ग्रामीणों को भी रात के लिए अकेले न निकलने की हिदायत दी। रात के समय तेंदुए की लोकेशन मिलने पर बुधवार को उचित स्थान पर पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा। इस दौरान डिप्टी रेंजर कुंदन सिंह भंडारी, वन दरोगा शील कुमार सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही।