रामपुर। आचार संहिता के उल्लंघन के दो मामलों में फरार चल रहीं पूर्व सांसद जयाप्रदा को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों की सुनवाई बृहस्पतिवार को होगी। आचार संहिता के उल्लंघन के दो मामलों में एमपी-एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल ने पूर्व सांसद के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे। कोर्ट ने वारंट जारी होने के बाद भी हाजिर न होने पर पुलिस अधीक्षक को विशेष टीम गठित कर पूर्व सांसद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए थे। कोर्ट के आदेश के बाद एसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया था, लेकिन टीम पूर्व सांसद को गिरफ्तार नहीं कर सकी। 10 जनवरी को कोर्ट ने जमानतियों के खिलाफ फाइल अलग से खोलते हुए पूर्व सांसद के खिलाफ फिर से गैर जमानती वारंट जारी किया था। साथ ही एसपी को फिर से आदेश दिया था, लेकिन पुलिस अभी भी खाली हाथ है। अब इस मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को होनी है।