रामपुर। पूर्व सांसद व फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह को पत्र भेजकर जिले में बाढ़ से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाने की मांग की है। जयाप्रदा ने पत्र में कहा है कि वर्षा के मौसम में पहाड़ों पर भारी वर्षा के कारण नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। जिससे स्वार, सैदनगर, शाहाबाद-पटवाई क्षेत्र में कोसी और रामगंगा नदी में बाढ़ आ जाती है। जिससे पानी का बहाव गांव की ओर मुड़ जाता है और नदी भयंकर कटान करती है। जिससे लोगों के मकान और कृषि भूमि नदी की चपेट में आ जाती हैं और लोगो को आर्थिक हानि के साथ-साथ जान का खतरा भी हो जाता है। ऐसे में स्वार, सैदनगर, पटवाई-शाहबाद आदि क्षेत्रों में कई स्थानों पर जो बांध क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनकी मरम्मत करवाया जाना जरूरी है, जिससे समय रहते लोगों को बाढ़ से बचाया जा सके।